महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से महाराष्ट्र जा रहा 68 लाख का गांजा जब्त, महिला समेत 8 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद: छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैले एक बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए 8 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 137 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 68.50 लाख रुपये आंकी गई है।

नाकेबंदी कर पकड़ी गईं दो कारें यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-53 के रास्ते भारी मात्रा में गांजा की तस्करी होने वाली है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने रेहटीखोल के पास नाकेबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक इको कार (OD 19 T 6003) और एक टोयोटा कार (MH 01 BK 4102) को रोककर तलाशी ली।

डिक्की में छिपाकर रखा था गांजा तलाशी के दौरान पुलिस को टोयोटा कार की डिक्की में प्लास्टिक की बोरियों में भरा हुआ भारी मात्रा में गांजा मिला। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के अंगुल जिले से लेकर महाराष्ट्र के अकोला जा रहे थे। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 11,400 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।

विभिन्न राज्यों के रहने वाले हैं तस्कर गिरफ्तार किए गए 8 आरोपियों में से 4 ओडिशा, 3 महाराष्ट्र और 1 बिहार का रहने वाला है। आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:

  1. शिवा साहू (अंगुल, ओडिशा)
  2. बुधु भूतिया (अंगुल, ओडिशा)
  3. निलो फार शफी (महिला – अकोला, महाराष्ट्र)
  4. सुल्तान खान (चेम्बूर, महाराष्ट्र)
  5. नरोत्तम बेहरा (अंगुल, ओडिशा)
  6. सुशील साहू (अंगुल, ओडिशा)
  7. दिलशाद खान (पूर्णिया, बिहार)
  8. शेख जब्बार (अकोला, महाराष्ट्र)

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 20(बी), 29-1 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अंतर्राज्यीय तस्करी की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी। महासमुंद पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *