सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को मिला सेंसर सर्टिफिकेट, 4 दिसंबर को होगी रिलीज; जानें फिल्म का रनटाइम

सलमान खान

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से रिलीज का इंतजार कर रही उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया है। फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया गया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। मेकर्स के मुताबिक, यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

2 घंटे 34 मिनट की होगी फिल्म

सेंसर बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार, फिल्म की कुल अवधि 154 मिनट 12 सेकंड यानी 2 घंटे 34 मिनट 12 सेकंड है। U/A 16+ सर्टिफिकेट का मतलब है कि 16 साल से कम उम्र के दर्शक इसे अभिभावकों की देखरेख में देख सकते हैं।

कर्नल संतोष बाबू की भूमिका में नजर आएंगे सलमान

फिल्म में सलमान खान एक सैन्य अधिकारी कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। इसका निर्माण सलमान खान के प्रोडक्शन बैनर के तहत किया गया है।

‘बैटल ऑफ गलवान’ से बदला फिल्म का नाम

इस फिल्म की घोषणा पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से की गई थी। इसकी कहानी वर्ष 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुए संघर्ष से प्रेरित बताई गई है। मार्च 2026 में मेकर्स ने फिल्म का नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया।

युद्ध के साथ इंसानियत का संदेश

फिल्म की कहानी देश की रक्षा, सैनिकों के साहस, उनके परिवारों के संघर्ष और युद्ध के मानवीय प्रभावों को सामने लाने की कोशिश करती है। सलमान खान के अनुसार, फिल्म का उद्देश्य युद्ध के दौरान सैनिकों और आम लोगों को होने वाली परेशानियों को दिखाना है।

फिल्म में चित्रांगदा सिंह और सलमान खान के अलावा कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है।

अब सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद दर्शकों की निगाहें 4 दिसंबर पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि सलमान खान की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाल दिखाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *