रायगढ़ के चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू H5N1 की पुष्टि, प्रशासन ने 5000 मुर्गियों और 12000 चूजों को किया नष्ट
रायगढ़ के चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू H5N1 की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने 5000 मुर्गियों, 12000 चूजों और 17000 अंडों को नष्ट किया। पूरे इलाके को 'इन्फेक्टेड जोन' घोषित किया गया।
रायगढ़ के चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि, प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। संक्रमण फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने 5000 मुर्गियों, 12000 चूजों और 17000 अंडों को नष्ट कर दिया।
संक्रमण रोकने के लिए ‘इंफेक्टेड जोन’ घोषित
पशुपालन विभाग, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर 1 किलोमीटर के क्षेत्र को ‘इन्फेक्टेड जोन’ और 10 किलोमीटर के क्षेत्र को ‘सर्विलांस जोन’ घोषित किया। यहां मुर्गी और अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है, साथ ही चिकन सेंटर को बंद करवाया जा रहा है।
बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि कैसे हुई?
पोल्ट्री फार्म में अचानक बड़ी संख्या में मुर्गियों की मौत हो रही थी। फार्म प्रभारी डॉ. डीआर प्रधान ने संदेह होने पर राष्ट्रीय उच्च शिक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल को सैंपल भेजा। जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू H5N1 वायरस की पुष्टि हुई।
देर रात पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों और अंडों को किया गया नष्ट
जैसे ही रिपोर्ट आई, कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने रात 11 बजे आपातकालीन बैठक बुलाई। बैठक में एसपी, सीईओ, नगर निगम आयुक्त और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने मिलकर सभी संक्रमित मुर्गियों, चूजों, अंडों और कुक्कट आहार को नष्ट करने का फैसला लिया। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर रातभर पोल्ट्री फार्म को संक्रमण मुक्त करने की प्रक्रिया पूरी की।
10 किलोमीटर तक कड़ी निगरानी, चिकन बिक्री पर रोक
भारत सरकार के बर्ड फ्लू प्रोटोकॉल के अनुसार, 10 किमी के दायरे में पोल्ट्री, अंडे और कुक्कट आहार की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित होगी। सर्विलांस जोन में पोल्ट्री फार्म और चिकन सेंटर भी पूरी तरह बंद रहेंगे। टीम डोर-टू-डोर सर्वे कर रही है ताकि संक्रमण का पता लगाया जा सके।
क्या बर्ड फ्लू से इंसानों को खतरा है?
H5N1 वायरस आमतौर पर पक्षियों में फैलता है, लेकिन कभी-कभी यह इंसानों में भी संक्रमण फैला सकता है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने और चिकन व अंडे से दूर रहने की सलाह दी गई है।