भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया से की मुलाकात
डॉ. मनसुख मांडविया की समाजसेवा और जनकल्याण की प्रतिबद्धता को देखते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने उनकी उपलब्धियों की सराहना की।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने अपने परिवार सहित केंद्रीय युवा मामले, खेल, श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से नई दिल्ली में सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने मंत्री मंडाविया के सफल कार्यकाल की सराहना की और छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया। अमित चिमनानी ने मंत्री के जीवन और कार्यों पर आधारित अपनी स्वरचित कविता भी भेंट की, जिसे डॉ. मांडविया ने खुशी-खुशी स्वीकार किया।
डॉ. मांडविया की प्रमुख उपलब्धियां
डॉ. मनसुख मांडविया ने अपने कार्यकाल में स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता के तहत प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना को विस्तार मिला, जिससे देशभर में 5,100 से अधिक जन औषधि केंद्र स्थापित किए गए। इसके माध्यम से सस्ती दरों पर 850 से अधिक आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने 10 करोड़ से अधिक ऑक्सो-बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी पैड्स भी वितरित किए, जिसके लिए यूनिसेफ ने उन्हें सम्मानित किया।
कोविड-19 प्रबंधन में सराहनीय योगदान
डॉ. मांडविया ने कोविड-19 महामारी के दौरान वैक्सीनेशन अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया। उनके नेतृत्व में भारत ने बड़े पैमाने पर टीकाकरण करते हुए महामारी को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए उन्हें ‘इकोनॉमिक टाइम्स बिजनेस रिफॉर्मर अवार्ड 2022’ से भी सम्मानित किया गया।
छत्तीसगढ़ दौरे का न्योता
अमित चिमनानी ने मंत्री मंडाविया को छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य में उनकी उपस्थिति युवाओं और उद्यमियों को प्रेरित करेगी। उन्होंने मंत्री की पदयात्राओं का उल्लेख करते हुए बताया कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं समझने और समाधान करने में विश्वास रखते हैं।