छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के घर CBI का छापा: कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर CBI छापे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन। जानिए इस राजनीतिक घटनाक्रम की पूरी जानकारी।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर सीबीआई (CBI) का छापा पड़ने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री के रायपुर स्थित निवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर रहे हैं।
CBI पर कूटरचित दस्तावेज लाने का आरोप
प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि सीबीआई अधिकारी बाहर से कूटरचित दस्तावेज लेकर आ रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि अधिकारियों को अपने बैग खोलकर दस्तावेज दिखाने चाहिए। उन्होंने इसे साजिश करार दिया और कहा कि भूपेश बघेल को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाने की कोशिश की जा रही है।
अमरजीत भगत ने बताया राजनीतिक प्रेरित कार्रवाई
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने CBI रेड को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा, “जब-जब भूपेश बघेल का कद बढ़ता है, तब उनके खिलाफ केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय हो जाती हैं। जब वे AICC महासचिव और पंजाब प्रभारी बने, तब ईडी (ED) ने छापा मारा था। अब गुजरात अधिवेशन में शामिल होने से पहले उन्हें ड्राफ्टिंग कमेटी का सदस्य बनाया गया, तो CBI ने दबिश दे दी। यह साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है।”
सचिन पायलट का केंद्र पर हमला
कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “यह कोई संयोग नहीं है। विपक्षी नेताओं को परेशान करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने के लिए केंद्रीय संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। इससे पहले भी भूपेश बघेल के घर ईडी ने छापा मारा था। अब CBI को भेज दिया गया है।”
कांग्रेस ने जताया आक्रोश
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर विपक्षी नेताओं के खिलाफ एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी हरकतें अस्वीकार्य हैं और इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।