गांधीनगर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार, 10 नवंबर 2025 को गुजरात के गांधीनगर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने परस्पर सहयोग को मजबूत करने और अपने-अपने राज्यों के विकास अनुभवों को एक-दूसरे के साथ साझा किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में सभी राज्यों की भागीदारी और आपसी अनुभवों का आदान-प्रदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर दिया कि राज्य सरकारें नवाचार (Innovation) और सुशासन के माध्यम से भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस योगदान दे रही हैं।
सौजन्य भेंट के दौरान, मुख्यमंत्री साय ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को बस्तर की लोककला और छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक गौरव पर आधारित कलाकृति (बस्तर आर्ट) तथा “बस्तर दशहरा” की कॉफी टेबल बुक भेंट की।
इस पर मुख्यमंत्री पटेल ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की सराहना की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य में संचालित हो रहे विकासात्मक और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए मुख्यमंत्री साय को अपनी शुभकामनाएं भी दीं।
दोनों मुख्यमंत्रियों ने भविष्य में गुजरात और छत्तीसगढ़ के बीच विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग को और अधिक सशक्त बनाने पर सहमति व्यक्त की। यह मुलाकात देश के समग्र विकास के लिए राज्यों के बीच समन्वय और साझेदारी को बढ़ाने की दिशा में एक कदम है।