
खरोरा। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में इस बार बेहद दिलचस्प नतीजे सामने आए, खासतौर पर खरोरा नगर पंचायत में जहां महज 10 वोटों के अंतर से जीत-हार तय हुई। इस कड़े मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सुनीता अनिल सोनी ने कांग्रेस की मोना बबलू भाटिया को हराया।
गिनती के दौरान कांग्रेस ने शुरुआत में अपनी जीत का दावा कर दिया था, लेकिन अंतिम गणना में नतीजे भाजपा के पक्ष में गए। कांग्रेस उम्मीदवार मोना बबलू भाटिया को 2,002 वोट मिले, जबकि भाजपा की सुनीता अनिल सोनी ने 2,012 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
बीजेपी का दबदबा, कांग्रेस को झटका
खरोरा में कुल 8 वार्डों पर भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को सिर्फ एक वार्ड से संतोष करना पड़ा। वहीं, भाजपा ने एक निर्दलीय पार्षद को भी अपना समर्थन बताया, जिससे उसका वर्चस्व और मजबूत हो गया।
गिनती के दौरान ग़लत गणना के चलते कांग्रेस की जीत का झूठा शोर भी मच गया था, लेकिन पुनर्गणना में तस्वीर साफ हुई और भाजपा की जीत पक्की हो गई।
जांजगीर-चांपा में भाजपा का परचम, बसपा ने भी मारी बाज़ी
जांजगीर-चांपा जिले में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया और 11 में से 6 नगरीय निकायों पर अपना कब्जा जमा लिया। कांग्रेस को 2 सीटों पर जीत मिली, जबकि 2 निर्दलीय प्रत्याशी भी जीतकर आए। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी 1 सीट पर जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया।
इस चुनाव के नतीजों ने साफ कर दिया कि भाजपा का प्रभाव नगरीय निकायों में भी मजबूत होता जा रहा है, जबकि कांग्रेस के लिए ये नतीजे एक बड़ी चुनौती बन सकते हैं।