टोल प्लाजा पर कांग्रेस का हल्ला बोल: वैधता समाप्त फिर भी जारी अवैध वसूली, दिल्ली तक आंदोलन की चेतावनी –
टोल प्लाजा पर कांग्रेस का हल्ला बोल: वैधता समाप्त फिर भी जारी अवैध वसूली, दिल्ली तक आंदोलन की चेतावनी -

रायपुर, छत्तीसगढ़ – रायपुर और दुर्ग के बीच संचालित कुम्हारी टोल प्लाजा पर जारी अनियमितताओं और अवैध वसूली को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टोल प्लाजा के खिलाफ लंबे समय से जारी अपने चरणबद्ध आंदोलन को उजागर किया और दावा किया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखे जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब पार्टी इस मुद्दे को दिल्ली तक ले जाने की तैयारी में है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-53 (पूर्व NH-6) पर रायपुर से दुर्ग के बीच मात्र 54 किलोमीटर की दूरी में तीन टोल प्लाजा—मंदिर हसौद (किमी 258), कुम्हारी (किमी 281), और दुर्ग (किमी 312)— संचालित हो रहे हैं। यह भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय के दिशानिर्देशों का सीधा उल्लंघन है, जिसके तहत दो टोल प्लाजा के बीच कम से कम 60 किलोमीटर की दूरी अनिवार्य है।
सबसे गंभीर आरोप कुम्हारी टोल प्लाजा पर लगाया गया है, जिसकी वैधानिक वसूली अवधि 20 से 25 साल पहले ही समाप्त हो चुकी है, लेकिन फिर भी यह अवैध रूप से संचालित हो रहा है। इसके कारण स्थानीय निवासियों, खासकर टाटीबंध और कुम्हारी नगर निगम क्षेत्र के लोगों को प्रतिदिन भीषण ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे यात्रियों को 1 से 2 घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इस टोल प्लाजा को तुरंत बंद करने की मांग की थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कांग्रेस का आरोप है कि यह टोल नाका न केवल अवैध वसूली का केंद्र बन गया है, बल्कि जानलेवा जाम और दुर्घटनाओं की वजह से यह स्थानीय नागरिकों के लिए एक बड़ा संकट बन चुका है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में शीघ्र कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली भी जाएंगे।