निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस का वार, सरकार को बताया ‘दिशाहीन और रिमोट कंट्रोल सरकार’
छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर 25 बिंदुओं का आरोप पत्र जारी किया। कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई को लेकर सरकार पर हमले बोले। भाजपा ने किया पलटवार।
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए 25 बिंदुओं का आरोप पत्र जारी किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल में जनता बदहाल और भाजपा नेता मालामाल हो गए हैं।
कानून व्यवस्था पर सवाल, ‘प्रदेश में बढ़ा अपराध’
दीपक बैज ने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या, लूट, बलात्कार और चाकूबाजी की घटनाओं से आम जनता डरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि राजधानी रायपुर से लेकर मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र तक गोलियां चल रही हैं।
‘किसानों, महिलाओं और युवाओं से किया धोखा’
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए:
500 रुपए में गैस सिलेंडर का वादा अब तक अधूरा।
1 लाख नौकरियों का वादा, लेकिन एक भी भर्ती नहीं।
धान के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की घोषणा अधूरी।
अनियमित कर्मचारियों की सेवा नियमित नहीं हुई।
बेरोजगारी भत्ता, तेंदूपत्ता बीमा योजना बंद।
‘भ्रष्टाचार और महंगाई से जनता त्रस्त’
कांग्रेस ने सरकार पर बिजली, रेत और सीमेंट की कीमतें बढ़ाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है।
भाजपा का पलटवार – ‘कांग्रेस अपने गिरेबान में झांके’
कांग्रेस के आरोपों पर पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस खुद भ्रष्टाचार में डूबी रही। उन्होंने कहा कि महादेव एप, कोयला घोटाला और पीएससी घोटाले कांग्रेस सरकार की देन हैं।