दीपिका पादुकोण ‘दुनिया की प्रेरक महिलाओं’ की सूची में शामिल: ग्लोबल कल्चर मैगजीन ‘द शिफ्ट’ ने किया सम्मानित
दीपिका पादुकोण 'दुनिया की प्रेरक महिलाओं' की सूची में शामिल: ग्लोबल कल्चर मैगजीन 'द शिफ्ट' ने किया सम्मानित

मुंबई: भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को प्रतिष्ठित ग्लोबल कल्चर मैगजीन ‘द शिफ्ट’ की ‘दुनिया की प्रेरक महिलाओं’ की सूची में शामिल किया गया है। यह सूची वैश्विक स्तर पर उन 90 से अधिक महिलाओं को मान्यता देती है, जिन्होंने सक्रियता, रचनात्मकता, नेतृत्व और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रभाव डाला है। इस सूची में दीपिका के साथ सेलेना गोमेज, एंजेलिना जोली, बिली इलिश, अमल क्लूनी और जोया अख्तर जैसी कई अन्य जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हैं।
इस सम्मान को दीपिका पादुकोण ने 91 वर्षीय नारीवादी और सामाजिक कार्यकर्ता ग्लोरिया स्टीनम को समर्पित किया है। उन्होंने अपनी पीढ़ी को मानसिक स्वास्थ्य और तनाव संबंधी समस्याओं से उबरने में मदद करने के अवसर के लिए आभार व्यक्त किया। यह उपलब्धि न केवल एक सफल अभिनेत्री के रूप में दीपिका के कद को दर्शाती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए उनके मजबूत समर्थन को भी उजागर करती है।
दीपिका ने 2015 में ‘लिव, लव एंड लाफ फाउंडेशन’ की स्थापना की थी। यह संस्था भारत और वैश्विक स्तर पर डिप्रेशन और मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों को सहायता और समर्थन प्रदान करती है। दीपिका का मानना है कि सच्ची सफलता केवल पेशेवर उपलब्धियों में नहीं, बल्कि आंतरिक शांति, धैर्य और मानसिक संतुलन में निहित है। वह इस बात पर जोर देती हैं कि सफलता के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, धैर्य, संतुलन और सच्चाई ही उनकी वास्तविक ताकत हैं, जिन्हें आज की पीढ़ी को समझना चाहिए।