दिल्ली को जल्द ही यमुनापार क्षेत्र में अपना ‘इंडिया हैबिटेट सेंटर’ मिलने वाला है। ट्रांस यमुना डेवलपमेंट बोर्ड (TYDB) इस सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्र को विकसित कर रहा है।
यह नया सेंटर लोधी रोड पर स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर की तर्ज पर बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य यमुनापार के लगभग 60 लाख लोगों को कला, संस्कृति, शिक्षा और मनोरंजन के लिए एक ही जगह पर कई सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस परियोजना के तहत एक ऑडिटोरियम, आर्ट गैलरी, आर्ट कैफे, बैंक्वेट हॉल, कॉन्फ्रेंस सुविधा और गेस्ट रूम्स बनाए जाएंगे।
दिल्ली मास्टर प्लान 2021 के अनुसार, हर 10 लाख लोगों पर एक सांस्कृतिक केंद्र होना अनिवार्य है। वर्तमान में यमुनापार में केवल एक ऐसा केंद्र है, इसलिए यह नई पहल इस कमी को दूर करेगी। इस परियोजना का बजट 1000-1200 करोड़ रुपये होने का अनुमान है, और इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।