पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर का पत्र: भाजपा में नए चेहरों को मौका देने की मांग
छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर का एक पत्र सामने आया है, जिसमें उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को निगम मंडलों में नियुक्ति को लेकर सुझाव दिया है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर का एक पत्र सामने आया है, जिसमें उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को निगम मंडलों में नियुक्ति को लेकर सुझाव दिया है। कंवर ने पत्र में कहा है कि 2003 से 2018 तक भाजपा शासन काल में निगम मंडल, प्राधिकरण में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष रहे लोगों को वर्तमान सरकार में दोबारा स्थान नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने नए चेहरों को मौका देने की वकालत की है।
भाजपा सरकार को नुकसान पहुंचाने का आरोप
कंवर ने पत्र में लिखा कि 2003 से 2018 तक विभिन्न निगम मंडलों में नियुक्त किए गए कुछ चेहरों के कार्यकाल ने भाजपा सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि 2018 में भाजपा की सत्ता में वापसी न होने के पीछे भी इनकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
नेताओं और कार्यकर्ताओं को फंसाने के आरोप
पूर्व मंत्री ने पत्र में कांग्रेस शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान अधिकारियों ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाया और प्रताड़ित किया। कंवर ने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ लोग, जिन्हें उन्होंने “दलाल प्रकृति के लोग” बताया, ऐसे अधिकारियों को बचाने और उन्हें मनचाही जगहों पर पदस्थ कराने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को पार्टी के मुख्य पदों से दूर रखने की अपील की।
नए कार्यकर्ताओं को मौका देने की मांग
कंवर ने पत्र में भाजपा नेतृत्व से आग्रह किया कि पार्टी के प्रति निष्ठावान और लंबे समय तक कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को निगम मंडल के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य पदों पर नियुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे कई समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्हें अभी तक कोई अवसर नहीं मिला है, और अब उन्हें नेतृत्व में स्थान दिया जाना चाहिए।