मानसून 2025 ने तोड़ा 16 साल पुराना रिकॉर्ड, केरल में समय से पहले दस्तक, छत्तीसगढ़ में जल्दी पहुंचने की उम्मीद –
मानसून 2025 ने तोड़ा 16 साल पुराना रिकॉर्ड, केरल में समय से पहले दस्तक, छत्तीसगढ़ में जल्दी पहुंचने की उम्मीद -

CG – देशभर के लोगों के लिए राहत की खबर है। इस साल मानसून ने तय समय से आठ दिन पहले ही केरल में दस्तक दे दी है। सामान्यतः मानसून की शुरुआत केरल में 1 जून को होती है, लेकिन इस बार यह 24 मई को ही पहुंच गया। यह पिछले 16 वर्षों में सबसे जल्दी मानसून आगमन का रिकॉर्ड बन गया है।
मानसून के शुरुआती आगमन के चलते देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश जल्दी शुरू होने की उम्मीद है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में पहले ही बारिश शुरू हो चुकी है। अब यह धीरे-धीरे महाराष्ट्र, गोवा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ में मानसून की जल्दी आमद के संकेत साफ नजर आ रहे हैं। हाल ही में राज्य के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश देखने को मिली है। रायपुर में 20.8 मिमी, अंबिकापुर में 35.1 मिमी और जगदलपुर में 0.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 से 26 मई के बीच छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश की संभावना है। मानसून के इस बार जल्दी आने से किसानों को खेतों की तैयारी और बुवाई में मदद मिलने की उम्मीद है।
यह शुरुआती बारिश आने वाले दिनों में पूरे राज्य में मौसम को और सुहाना बना सकती है।