छत्तीसगढ़ में आज फिर मानसून मेहरबान, रायपुर समेत 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में 1 अक्टूबर को एक नई मौसम प्रणाली बनने की संभावना से पहले, छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज एक बार फिर मानसून का प्रभाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश का दौर जारी

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक बारिश मरीं बंगला देवरी में 11 सेंटीमीटर दर्ज की गई, जबकि राजनांदगांव, बड़ेबचेली और छोटेडोंगर में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा हुई है।

इन जिलों में है बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने जिन जिलों में मध्यम वर्षा की संभावना जताई है, उनमें उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, और मुंगेली शामिल हैं। इन क्षेत्रों के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रायपुर का हाल

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

1 अक्टूबर से बढ़ेगी गतिविधि

वर्तमान में दक्षिण आंतरिक ओडिशा पर बना दबाव दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है, जिसके अगले 24 घंटों में कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र बनने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त, 1 अक्टूबर से उत्तरी और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक और निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव के चलते, 1 अक्टूबर से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में और अधिक वृद्धि होने की प्रबल संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *