नक्सली मुठभेड़: कांकेर के आमाटोला जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ जारी, एक महिला नक्सली ढेर
नक्सली मुठभेड़: कांकेर के आमाटोला जंगल में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ जारी, एक महिला नक्सली ढेर

कांकेर, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र कांकेर के आमाटोला के जंगलों में आज (20 जून, 2025) सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। घटनास्थल से हथियार सहित मृत महिला माओवादी का शव भी बरामद कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना छोटेबेठिया कोटरी नदी पार के ग्राम आमाटोला और कलपर के मध्य जंगल पहाड़ी क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) की एक संयुक्त टीम आज सुबह सर्चिंग अभियान पर रवाना हुई थी। सर्चिंग के दौरान ही आमाटोला-कलपर के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जो रुक-रुककर अभी भी जारी है।
सुरक्षा बल लगातार सघन सर्चिंग अभियान चला रहे हैं और नक्सलियों का खात्मा करने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस मुठभेड़ में और भी नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है।