दिल्ली में अब सांसद भी सुरक्षित नहीं: मॉर्निंग वॉक के दौरान कांग्रेस सांसद की चेन छीनकर भागे बदमाश-
दिल्ली में अब सांसद भी सुरक्षित नहीं: मॉर्निंग वॉक के दौरान कांग्रेस सांसद की चेन छीनकर भागे बदमाश-

नई दिल्ली: दिल्ली के अति-सुरक्षित चाणक्यपुरी इलाके में कांग्रेस सांसद सुधा रामकृष्णन के साथ चेन स्नैचिंग की एक गंभीर घटना हुई है। तमिलनाडु भवन में रहने वाली सांसद सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं, तभी बदमाशों ने उनकी सोने की चेन छीन ली। इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मयिलादुथुरई लोकसभा क्षेत्र, तमिलनाडु की सांसद आर. सुधा ने इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र भी लिखा है। पत्र में उन्होंने बताया है कि चाणक्यपुरी इलाके में पोलैंड दूतावास के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी सोने की चेन छीनी। इस दौरान उन्हें चोटें भी आईं। सुधा ने गृह मंत्री से दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
इस घटना के बाद, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चेन और मोबाइल स्नैचिंग की घटनाएं इतनी आम हो गई हैं कि लोग एफआईआर दर्ज कराना भी समय की बर्बादी मानते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस में हजारों पद खाली हैं और सरकार नई भर्तियां करने में दिलचस्पी नहीं ले रही है। सौरभ भारद्वाज ने यह भी कहा कि पुलिस का राजनीतिकरण हो गया है, और अधिकारी वीआईपी सुरक्षा और आम आदमी पार्टी के सदस्यों को निशाना बनाने में व्यस्त हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब महिलाएं सुबह की सैर के दौरान सुरक्षित रहने के लिए चेन पहनना बंद कर रही हैं।