
रायपुर – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंची, जहां उनका स्वागत राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया। राष्ट्रपति मुर्मू एम्स के दूसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और एनआईटी, आईआईटी भिलाई तथा अन्य विश्वविद्यालयों के दीक्षांत समारोह में भी शिरकत करेंगी।
पुरखौती मुक्तांगन में सरगुजा प्रखंड का लोकार्पण
राष्ट्रपति आज नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन परिसर में सरगुजा प्रखंड का लोकार्पण करेंगी। इसी कार्यक्रम के दौरान, राष्ट्रपति महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त की राशि भी जारी करेंगी, जो 70 लाख महिलाओं को दी जाएगी।
महतारी वंदन योजना के तहत राशि का वितरण
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत, राष्ट्रपति 651.37 करोड़ रुपए की राशि ऑनलाइन माध्यम से लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित करेंगी। अब तक 5227 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
राष्ट्रपति का रायपुर दौरा
दौरे के दौरान, राष्ट्रपति कल जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस और आयुष यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।