Breaking News

रायपुर: सरकारी दफ्तरों में सन्नाटा, 110 संगठनों की हड़ताल का व्यापक असर

छत्तीसगढ़ में 110 संगठनों के फेडरेशन द्वारा आयोजित काम बंद-कलम बंद हड़ताल का प्रदेशभर में व्यापक असर देखा जा रहा है।

रायपुर – छत्तीसगढ़ में 110 संगठनों के फेडरेशन द्वारा आयोजित काम बंद-कलम बंद हड़ताल का प्रदेशभर में व्यापक असर देखा जा रहा है। चार लाख से अधिक सरकारी अधिकारी और कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल होकर स्कूल, दफ्तरों में काम बंद कर जिला, तहसील और ब्लॉक मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। राजधानी रायपुर में बूढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में मुख्य प्रदर्शन स्थल पर हजारों की संख्या में कर्मचारी एकत्रित हुए हैं।

फेडरेशन की नौ सूत्रीय मांगें

फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा और अन्य नेताओं ने बताया कि डीए (महंगाई भत्ता) समेत नौ सूत्रीय मांगों को लेकर यह हड़ताल हो रही है। फेडरेशन के चार चरणों के आंदोलन में से पहले दो चरण पूरी तरह सफल रहे हैं, और अब तीसरे चरण में लाखों कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

हड़ताल में शासकीय ड्राइवर, भृत्य से लेकर द्वितीय वर्ग के अधिकारी भी शामिल हैं, जबकि मंत्रालय, विधानसभा और राजभवन के कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल नहीं हुए हैं।

प्रदेशभर में हड़ताल का व्यापक समर्थन

इस हड़ताल को सरगुजा से बस्तर तक कर्मचारियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। सभी कर्मचारी संगठन एकजुट होकर अपनी मांगों के प्रति दृढ़ हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो अगले माह से फेडरेशन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चला जाएगा।

राजधानी रायपुर में प्रदर्शन के दौरान हजारों कर्मचारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं और सभा संबोधन में अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठा रहे हैं। सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि धरना स्थलों पर उत्साह का माहौल है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button