टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया मैच मैदान के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी इतिहास रच गया। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को मोबाइल और OTT प्लेटफॉर्म JioHotstar पर रिकॉर्ड संख्या में दर्शकों ने देखा। फाइनल के दौरान प्लेटफॉर्म पर एक साथ देखने वालों की संख्या 82 करोड़ से अधिक पहुंच गई, जो डिजिटल स्ट्रीमिंग के लिए नया रिकॉर्ड बन गया।
रिपोर्ट के मुताबिक मैच के अंतिम पलों में दर्शकों की संख्या तेजी से बढ़ी। जब न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट गिरा और भारत की जीत तय हो गई, उस समय करीब 74.5 करोड़ लोग एक साथ मैच देख रहे थे। इसके बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन तक यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 82.1 करोड़ तक पहुंच गया।
मैच शुरू होने से पहले ही दर्शकों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी थी। प्री-मैच कार्यक्रम के दौरान करीब 2.1 करोड़ लोग लाइव स्ट्रीम देख रहे थे। टॉस के समय यह संख्या बढ़कर लगभग 4.2 करोड़ हो गई, जबकि पहली गेंद फेंके जाने से पहले ही करीब 6.5 करोड़ दर्शक प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके थे।
भारत की पारी खत्म होने तक दर्शकों की संख्या 43.9 करोड़ तक पहुंच गई थी। इसके बाद जब न्यूजीलैंड ने 255 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया, तो व्यूअरशिप और तेजी से बढ़ी। न्यूजीलैंड की पारी के पहले ही ओवर के बाद करीब 50 करोड़ से ज्यादा लोग मैच देख रहे थे।
यह आंकड़ा पिछले कई रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने वाला साबित हुआ। इससे पहले किसी भी क्रिकेट मैच के डिजिटल स्ट्रीमिंग पर इतने अधिक दर्शक एक साथ नहीं जुड़े थे। भारत की ऐतिहासिक जीत और खिताब जीतने के रोमांच ने दर्शकों को आखिरी पल तक मोबाइल स्क्रीन से जोड़े रखा।
भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। टीम की इस ऐतिहासिक जीत ने जहां क्रिकेट मैदान पर नया इतिहास बनाया, वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी व्यूअरशिप के नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए।