कोंडागांव: चाचा ने 4 साल के मासूम पर चलाई एयरगन, पेट में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में 4 साल के मासूम पर चाचा ने एयरगन से गोली चलाई, पेट में लगी गोली, हालत गंभीर। पुलिस जांच में जुटी।

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद में 30 वर्षीय बिसेश्वर नाग ने अपने 4 साल के भतीजे पर एयरगन से गोली चला दी। गोली सीधे मासूम के पेट में जा लगी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना कैसे घटी?
यह मामला ग्राम बनियागांव का है, जहां मंगलवार को आरोपी चाचा किसी बात पर गुस्से में आ गया और अपने भतीजे पर एयरगन से फायर कर दिया। गोली लगते ही बच्चे की हालत गंभीर हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने बचाई बच्चे की जान
गंभीर हालत में बच्चे को तुरंत केशकाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने घंटों मशक्कत के बाद उसकी जान बचाई। फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इस घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन ने केशकाल पुलिस को दे दी है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।