उत्तर प्रदेश में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग भगवान राम का अपमान करते हैं, वे असल में महर्षि वाल्मीकि का भी अपमान करते हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर वोट बैंक की राजनीति के लिए समाज को बांटने और आस्था पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वाल्मीकि जी ने रामायण के माध्यम से भगवान राम के आदर्शों और जीवन को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि जो लोग यह कहते थे कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं, वे भगवान वाल्मीकि के अस्तित्व पर भी सवाल खड़ा करते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि समाज के कल्याण के लिए कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सफाई और संविदा कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि सफाई कर्मचारी के साथ कोई अप्रिय घटना होने पर उनके परिवार को 35 से 40 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, सफाई कर्मचारियों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर भी मिलेगा।
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव के ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में 7 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा भी की।