मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज, शुक्रवार (21 नवंबर, 2025) को मंत्रालय (महानदी भवन) में प्रशासनिक और कार्यालनीय कार्यों में व्यस्त रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे और शाम 4:30 बजे तक विभिन्न कार्यों की गहन समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यालयीन कार्यों के साथ ही, प्रदेश में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, प्रशासनिक और नागरिक विकास से जुड़ी खबरें सुर्खियों में हैं:
1. ‘बिजली बिल हाफ’ योजना पर सियासत तेज
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार को 400 यूनिट तक ‘बिजली बिल हाफ’ योजना को फिर से लागू करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है, तो कांग्रेस दिसंबर महीने में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी।
बैज ने सरकार की वर्तमान 200 यूनिट तक ‘बिजली बिल हाफ’ योजना को जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि इससे केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा जिनकी कुल खपत 400 यूनिट है, जबकि 400 यूनिट से एक यूनिट भी अधिक खपत होने पर पूरा बिल भरना होगा। उन्होंने सरकार से 30 नवंबर तक बिजली के दाम घटाने और स्मार्ट मीटर लगाना बंद करने की मांग की।
2. आवास मेला 2025 को लेकर आज होगी प्रेसवार्ता
आवास एवं पर्यावरण विभाग आज दोपहर 1 बजे वीआईपी रोड स्थित क्वीन क्लब ऑफ इंडिया में आवास मेला 2025 को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित करेगा। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी इस प्रेसवार्ता को संबोधित करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव भी मौजूद रहेंगे, जहां राज्य स्तरीय आवास मेला के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
3. डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस की सुरक्षा तैयारियां
नवा रायपुर में 28 नवंबर से शुरू होने वाले डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कड़ी व्यवस्था की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री सहित लगभग 70 वीवीआईपी मेहमानों के आगमन को देखते हुए नवा रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री तीन दिन तक नवा रायपुर में ही रहेंगे, जिसके लिए हजारों जवान तैनात किए गए हैं।
4. धान खरीदी और युवा रत्न सम्मान
- धान खरीदी: प्रदेश में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। अब तक 23.67 लाख क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है।
- युवा रत्न सम्मान: खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने युवा रत्न सम्मान 2025-26 के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर है। इस सम्मान के तहत एक युवा को 1 लाख रुपये और स्वैच्छिक संस्थान को 5 लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा।
5. रायपुर में आज शाम जल सप्लाई प्रभावित
राजधानी रायपुर में भाठागांव रोड पर डैमेज हुई MM पाइपलाइन की मरम्मत के कारण आज शाम 20 से अधिक टंकियों में पानी की सप्लाई ठप रहेगी। मरम्मत कार्य के लिए 150 MLD प्लांट का 8 घंटे का शटडाउन किया जाएगा।