भारत की अर्थव्यवस्था ने 7.8% की विकास दर दर्ज की है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता देशवासियों की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का परिणाम है।
प्रधानमंत्री मोदी ने देश की आर्थिक रफ्तार को बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि भारत को आगे भी तेजी से विकास करना होगा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा फैलाने और झूठ के जरिए माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इन चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8% की विकास दर हासिल की है।
PM मोदी की सोना न खरीदने की अपील
प्रधानमंत्री ने एक बार फिर लोगों से अपील की कि अगर जरूरत न हो तो सोना खरीदने से बचें। इससे पहले भी उन्होंने देशवासियों से गैर-जरूरी सोने की खरीदारी नहीं करने की अपील की थी।
दरअसल, भारत अपनी जरूरत का लगभग 99% सोना विदेशों से आयात करता है। सोने की खरीदारी पर बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। 2025-26 में भारत का सोने का आयात बिल करीब 6.4 लाख करोड़ रुपये रहा।
सोने की कीमतों में तेजी के कारण कम मात्रा में आयात के बावजूद आयात बिल बढ़ा है। इससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव पड़ता है।
मेक इन इंडिया पर दिया जोर
PM मोदी ने लोगों से विदेशों में गैर-जरूरी यात्राओं और विदेश में शादी करने से बचने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि देशवासियों को ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भरता के मंत्र के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उनका कहना है कि जितना ज्यादा भारत स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतनी ही मजबूती से देश आगे बढ़ेगा।
विकसित भारत का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, तब देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपा जाएगा।
उन्होंने देशवासियों से आर्थिक विकास की इस रफ्तार को बनाए रखने और देश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान देने की अपील की।