गीले कचरे, गोबर और गोमूत्र से बना रहे जैविक खाद, 30% तक रासायनिक उर्वरक बचाने का दावा
0 कृषि विश्वविद्यालय में फील्ड ट्रायल जारी, 12 राज्यों के 5 लाख किसानों को दे चुके प्रशिक्षण
रायपुर | खैरागढ़ की मनोहर गौशाला में गीले कचरे, गोबर और गोमूत्र से जैविक खाद तैयार की जा रही है। इसे ‘मनोहर ऑर्गेनिक गोल्ड’ नाम दिया गया है। गौशाला का दावा है कि इसके इस्तेमाल से फसल उत्पादन प्रभावित किए बिना रासायनिक उर्वरकों की खपत 30 प्रतिशत तक कम की जा सकती है। इसकी उपयोगिता और प्रभाव जांचने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में फील्ड ट्रायल और वैज्ञानिक शोध जारी है।
गौशाला के संस्थापक एवं प्रबंध न्यासी डॉ. अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने बताया कि खाद बनाने में गीले कचरे, गोबर, गोमूत्र और अन्य प्राकृतिक घटकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कचरे का सदुपयोग करने के साथ किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि गौशाला अब तक 12 से अधिक राज्यों के 5 लाख से ज्यादा किसानों को जैविक खेती का निःशुल्क प्रशिक्षण दे चुकी है। यह प्रशिक्षण लगातार जारी है। गौशाला का प्रयास किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
कचरे से जैविक खाद तक… मनोहर गौशाला की अनूठी पहल! 🐄