मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट के सैकड़ों यात्री फंसे, घंटों तक चला हंगामा; उड़ानों में देरी से बढ़ी यात्रियों की परेशानी

मुंबई एयरपोर्ट

मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम स्पाइसजेट (SpiceJet) की उड़ानों में लगातार देरी के चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एयरलाइन की उड़ानें प्रभावित होने से सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे। लंबे इंतजार और उड़ानों की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से नाराज यात्रियों ने स्पाइसजेट के काउंटर पर जमकर हंगामा किया और विरोध में नारेबाजी की।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7 बजे से मुंबई एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। कई यात्री शाम से ही अपनी उड़ानों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्हें न तो देरी का स्पष्ट कारण बताया गया और न ही उड़ान के नए समय की जानकारी दी गई। रात 11:30 बजे निर्धारित एक उड़ान की बोर्डिंग भी काफी देर से शुरू हुई।

बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों को घंटों इंतजार करने के बाद बुधवार तड़के करीब 4 बजे उड़ान मिल सकी। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर एयरपोर्ट के वीडियो भी सामने आए, जिनमें बड़ी संख्या में यात्री एयरलाइन के काउंटर पर जमा होकर जवाब मांगते दिखाई दिए।

पहले भी प्रभावित हुई थीं उड़ानें

स्पाइसजेट की परिचालन संबंधी परेशानियां पिछले कुछ दिनों से लगातार सामने आ रही हैं। बीते सोमवार को भी मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से स्पाइसजेट की कोई उड़ान रवाना नहीं हुई थी। यात्रियों ने उस दौरान भी उड़ानों की स्थिति और संशोधित समय की जानकारी नहीं मिलने की शिकायत की थी।

दुबई में भी रद्द करनी पड़ी थीं उड़ानें

इससे पहले दुबई से संचालित होने वाली स्पाइसजेट की चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। बताया गया कि एयरलाइन की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी Dnata ने करीब 35.8 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान को लेकर चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं। हालांकि, यह रोक 12 नवंबर तक सीमित रही थी।

एयरपोर्ट ने जारी की थी एडवाइजरी

स्पाइसजेट की परिचालन समस्याओं को देखते हुए दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की थी। इसमें यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांचने और एयरलाइन से संपर्क कर ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *