कार्तिगई दीपम पर्व और भगवान मुरुगन की आस्था से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस फैसले को श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक परंपराओं के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तमिल, हिंदी और अंग्रेजी में ‘वेट्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोगरा’ का उद्घोष करते हुए भगवान मुरुगन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस संदेश का अर्थ है – भगवान मुरुगन की जय हो।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, तमिलनाडु के मदुरै जिले में स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान दीप प्रज्वलित करने को लेकर विवाद सामने आया था। इस पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाने का मामला अदालत तक पहुंचा।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अंतरिम आदेश देते हुए 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार अनुमति दी थी। हालांकि, निर्धारित दिन वहां दीप नहीं जलाया गया और दीप पारंपरिक स्थान पर ही प्रज्वलित किया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने अपनाया सख्त रुख
इस मामले में 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने 28 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया। साथ ही मंदिर ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी मद्रास हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को सौंपी। पहाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को भी दी गई।
अदालत ने संबंधित अधिकारियों को आदेश के पालन में कथित लापरवाही को लेकर जवाब देने के निर्देश भी दिए।
प्रधानमंत्री मोदी की इस धार्मिक अभिव्यक्ति को भगवान मुरुगन के प्रति उनकी आस्था और श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्तिगई दीपम से जुड़ा यह मामला धार्मिक परंपराओं, आस्था और न्यायिक आदेशों के पालन के लिहाज से महत्वपूर्ण बन गया है