राइड से पहले टिप मांगने पर रोक, कैब-ऑटो यूजर्स को बड़ी राहत

cab tip

नई दिल्ली: कैब और ऑटो बुक करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने राइड पूरी होने से पहले यात्रियों से टिप मांगने या टिप देने के लिए प्रेरित करने वाले विकल्पों पर रोक लगा दी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने 11 अगस्त 2026 को सभी मोटर व्हीकल एग्रीगेटर्स को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं।

सरकार के निर्देश के मुताबिक, कैब या ऑटो बुक करते समय “Advance Tip”, “राइड जल्दी कन्फर्म होगी” या ड्राइवर के ट्रिप स्वीकार करने की संभावना बढ़ने जैसे संदेश दिखाकर यात्रियों से अतिरिक्त पैसे नहीं लिए जा सकेंगे। राइड शुरू होने से पहले या राइड के दौरान भी टिप का विकल्प नहीं दिखाया जा सकता।

राइड खत्म होने के बाद ही दे सकेंगे टिप

नए नियमों के अनुसार, यात्री अगर ड्राइवर को टिप देना चाहता है तो यह सुविधा राइड पूरी होने के बाद ही उपलब्ध हो सकती है। टिप पूरी तरह यात्री की इच्छा पर निर्भर होगी। इसके लिए किसी तरह का दबाव या भ्रम पैदा करने वाला विकल्प ऐप पर नहीं दिया जा सकता।

पूरी टिप ड्राइवर को मिलेगी

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि राइड पूरी होने के बाद यात्री द्वारा दी गई टिप की पूरी राशि ड्राइवर को ही मिलनी चाहिए। एग्रीगेटर कंपनी टिप की रकम में से कोई कमीशन या कटौती नहीं कर सकती।

मंत्रालय ने सभी कैब और ऑटो एग्रीगेटर्स को अपने मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की समीक्षा करने और नियमों के खिलाफ मौजूद किसी भी फीचर को तुरंत हटाने या बदलने के निर्देश दिए हैं। यह कदम यात्रियों को अनावश्यक अतिरिक्त भुगतान के दबाव से बचाने और टिप को पूरी तरह स्वैच्छिक रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *