मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की वरिष्ठ IAS अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी को केंद्र सरकार ने नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया है। वह केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की कमान संभालेंगी। इससे पहले वह कॉरपोरेट अफेयर्स सचिव के पद पर कार्यरत थीं। दीप्ति मुखर्जी नरेश पाल गंगवार की जगह यह पद संभालेंगी, जिन्हें लगभग तीन सप्ताह पहले नामित किया गया था, लेकिन केंद्र सरकार ने बाद में आदेश संशोधित करते हुए मुखर्जी की नियुक्ति का फैसला किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली दीप्ति मुखर्जी ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से अर्थशास्त्र में मास्टर्स किया है और प्रशासनिक सेवा के दौरान मध्य प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा तथा राजस्व जैसे प्रमुख विभागों में अपनी सेवाएं दी हैं।
उनकी यह नियुक्ति केंद्र सरकार के बड़े प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा मानी जा रही है, जो ऐसे समय में हुई है जब देश में परीक्षा प्रणाली और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर सवाल उठ रहे हैं। नई उच्च शिक्षा सचिव के रूप में उनके सामने परीक्षा व्यवस्था में जनविश्वास बहाल करने की सबसे बड़ी चुनौती होगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों व तकनीकी संस्थानों से जुड़े नीतिगत फैसले लेना और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।