रायपुर: MG रोड स्थित सिंधी मार्केट के पास टायर दुकान में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

Massive fire at a tyre shop

राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्त ऑटोमोबाइल बाजार MG रोड स्थित सिंधी मार्केट के पास एक टायर दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जय ऑटो पार्ट्स के बगल में स्थित एक दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में टायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। घटना का कारण फिलहाल अज्ञात बताया जा रहा है।

आग की सूचना मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लोगों को दूर किया गया। वहीं, सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

घटना के दौरान क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी रहे ताकि आग अन्य दुकानों तक न फैल सके।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

इस घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *