पहलगाम आतंकी हमले की साजिश का पर्दाफाश, एनआईए ने हाफिज सईद को बताया मास्टरमाइंड

NIA identifies Hafiz Saeed

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने वर्ष 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच में बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी ने इस मामले में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद को हमले की साजिश का मुख्य मास्टरमाइंड बताते हुए जम्मू की विशेष अदालत में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है।

एनआईए के अनुसार, 22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक शामिल था। जांच एजेंसी का दावा है कि हमले की पूरी साजिश पाकिस्तान से रची गई और इसे सीमा पार बैठे आतंकी नेटवर्क ने संचालित किया।

सप्लीमेंट्री चार्जशीट में हाफिज सईद को व्यक्तिगत रूप से आरोपी बनाया गया है। साथ ही उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF)’ के प्रमुख के रूप में भी जिम्मेदार ठहराया गया है। एजेंसी का कहना है कि कश्मीर घाटी में अशांति फैलाने और भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश इसी नेटवर्क के जरिए तैयार की गई।

एनआईए ने हाफिज सईद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत विभिन्न धाराओं में आरोप लगाए हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, उसके पास ऐसे साक्ष्य हैं जो सीमा पार से रची गई इस आतंकी साजिश की पुष्टि करते हैं।

बताया गया है कि यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की मुख्य चार्जशीट का हिस्सा है। इसमें पहले से जुटाए गए सबूतों को और मजबूत करते हुए नए तथ्यों और साक्ष्यों को शामिल किया गया है।

एनआईए का मानना है कि इस कार्रवाई से पहलगाम आतंकी हमले के पीछे मौजूद अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क और उसके संचालकों की भूमिका को कानूनी रूप से और अधिक स्पष्ट किया जा सकेगा। मामले की सुनवाई जम्मू स्थित विशेष एनआईए अदालत में जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *